एनआईसीईई, आईआईटी कानपुर द्वारा भूकंप सुरक्षा पर अंतर-विद्यालय क्विज एवं छात्र वक्तृत्व प्रतियोगिता का आयोजन
Kanpur , 28 January 2026
Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur
कानपुर, 28 जनवरी 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (आईआईटी कानपुर) के राष्ट्रीय भूकंप अभियंत्रण सूचना केंद्र (NICEE) ने भूकंप सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 26 जनवरी 2026 को अंतर-विद्यालय भूकंप टिप्स क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया।
यह प्रतियोगिता वर्ष 2009 से लगातार आयोजित की जा रही है और इस वर्ष इसका 17वां संस्करण था। यह क्विज प्रो. सी. वी. आर. मूर्ति द्वारा लिखित “आईआईटीके–बीएमटीपीसी अर्थक्वेक टिप्स” प्रकाशन पर आधारित थी, जिसमें भूकंप से सुरक्षित भवन निर्माण के सरल एवं व्यावहारिक सुझाव दिए गए हैं। यह पुस्तिका NICEE की वेबसाइट पर निःशुल्क उपलब्ध है।

क्विज में चार राउंड — राउंड रॉबिन, पिक्चर राउंड, रैपिड फायर और लकी नंबर राउंड — आयोजित किए गए। देशभर के आठ विद्यालयों ने आईआईटी कानपुर में आयोजित फाइनल राउंड में भाग लिया। इनमें के.डी. अंबानी रिलायंस फ़ाउंडेशन स्कूल, जामनगर; डीएवी पब्लिक स्कूल, लुधियाना; भारतीय विद्या भवन का प्रिज़्म स्कूल, सतना; ग्वालियर ग्लोरी हाई स्कूल, ग्वालियर; इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल, नई दिल्ली; नेहरू वर्ल्ड स्कूल, गाजियाबाद; ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल, गुरुग्राम; तथा शीलिंग हाउस स्कूल, कानपुर शामिल थे।
प्रतियोगिता में ग्वालियर ग्लोरी हाई स्कूल, ग्वालियर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। के. डी. अंबानी रिलायंस फाउंडेशन स्कूल, जामनगर दूसरे और ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल, गुरुग्राम तीसरे स्थान पर रहे।
इस वर्ष प्रतियोगिता हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई, जिसमें प्रारंभिक दौर ऑनलाइन और फाइनल राउंड आईआईटी कानपुर परिसर में आयोजित हुआ। हर वर्ष मार्च माह में देशभर के विद्यालयों से संपर्क किया जाता है, और इच्छुक विद्यालयों को चार विद्यार्थियों की टीम के चयन में सहायता हेतु “अर्थक्वेक टिप्स” (Earthquake Tips) प्रकाशन की दस प्रतियाँ उपलब्ध कराई जाती हैं।
इसके साथ ही NICEE द्वारा “NICEE–CSI छात्र वक्तृत्वप्रतियोगिता: भूकंप सुरक्षा की वकालत” का आयोजन भी किया गया, जो 2001 भुज भूकंप की 25वीं वर्षगांठ को समर्पित था। इसमें कुल 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया और भूकंप से पूर्व तैयारी एवं सुरक्षा के महत्व पर तीन मिनट के वक्तृत्व प्रस्तुत किए। इन भाषणों का मूल्यांकन आईआईटी कानपुर में भूकंप अभियंत्रण में विशेषज्ञता रखने वाले पोस्ट-डॉक्टोरल, डॉक्टोरल एवं मास्टर्स स्तर के विद्यार्थियों से गठित दस सदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा किया गया।
वक्तृत्व प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, लुधियाना के अंगद सिंह बक्शी एवं हर्षिता होरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शीलिंग हाउस स्कूल, कानपुर के विराट हांडा और ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल, गुरुग्राम के त्रिनाभ गाइते ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और विजेताओं को नकद पुरस्कार NICEE के समन्वयक प्रो. दुर्गेश सी. राय द्वारा प्रदान किए गए। प्रो. राय ने कहा कि छात्रों को भूकंप जोखिमों के प्रति जागरूक करना समाज को सुरक्षित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम का आयोजन NICEE टीम के श्री शिवेशपांडेय,सुश्रीश्रद्धा शुक्ला, श्रीमोती लाल एवं श्रीमलिखान सिंह द्वारा किया गया। प्रो. राय ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आईआईटी कानपुर प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
आईआईटी कानपुर के बारे में
1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, IIT कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 20 विभाग, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम, 27 केंद्र और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को कवर करते हैं। 570 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, IIT कानपुर नवाचार और शैक्षणिक उत्कृष्टता में अग्रणी बना हुआ है।