अपनी प्राथमिकता निर्धारित करें
फ़ॉन्ट स्केलिंग
अप्राप्ति
पृष्ठ अनुमापन
अप्राप्ति
रंग समायोजन
भा.प्रौ.सं.कानपुर

आईआईटी कानपुर ने उभरती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप चार नए ऑनलाइन एम.टेक. कार्यक्रम शुरू किए

PGP Mtech 2026

आईआईटी कानपुर ने उभरती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप चार नए ऑनलाइन एम.टेक. कार्यक्रम शुरू किए

कानपुर , 14 May 2026

Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur

कानपुर, 14 मई, 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (आईआईटी कानपुर) ने अपने ऑनलाइन स्नातकोत्तर प्रवेश के दूसरे चरण के अंतर्गत चार नए ऑनलाइन एम.टेक. कार्यक्रमों की शुरुआत की घोषणा की है। ये कार्यक्रम संस्थान के आउटरीच गतिविधि कार्यालय (Office of Outreach Activities) के माध्यम से संचालित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों को भारतीय और वैश्विक अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों में विशेष तकनीकी विशेषज्ञता की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

नए शुरू किए गए कार्यक्रमों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, कंस्ट्रक्शन इंजीनियरिंग एवं प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, स्मार्ट ग्रिड तथा सस्टेनेबल एनर्जी टेक्नोलॉजीज में ऑनलाइन एम.टेक. शामिल हैं। इन कार्यक्रमों को तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छ ऊर्जा, इंटेलिजेंट सिस्टम और अगली पीढ़ी के पावर नेटवर्क की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।

इन नए कार्यक्रमों के माध्यम से आईआईटी कानपुर उच्च गुणवत्ता वाली शोध-आधारित स्नातकोत्तर शिक्षा को कामकाजी पेशेवरों और नए स्नातकों तक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रहा है। साथ ही, संस्थान अपने उच्च शैक्षणिक मानकों को भी बनाए रखेगा, जिसके लिए वह देशभर में जाना जाता है।

चारों कार्यक्रम पूरी तरह ऑनलाइन होंगे, जिन्हें आईआईटी कानपुर की सीनेट से स्वीकृति प्राप्त है। इन कार्यक्रमों को दो से चार वर्षों की अवधि में पूरा करने के लिए संरचित किया गया है। यह फ्लेक्सिबल फॉर्मेट विशेष रूप से कामकाजी पेशेवरों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि वे अपनी नौकरी और अन्य जिम्मेदारियों के साथ-साथ आईआईटी कानपुर से उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर आईआईटी कानपुर के आउटरीच गतिविधि कार्यालय के प्रभारी प्रोफेसर विमल कुमार ने कहा, “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, कंस्ट्रक्शन इंजीनियरिंग एवं प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, स्मार्ट ग्रिड तथा सस्टेनेबल एनर्जी टेक्नोलॉजीज विषयों में चार नए ऑनलाइन एम.टेक. कार्यक्रमों की शुरुआत के साथ आईआईटी कानपुर विद्यार्थियों को आसान तरीके से उन्नत और उद्योग-उन्मुख शिक्षा प्राप्त करने के नए अवसर प्रदान कर रहा है। ये कार्यक्रम राष्ट्रीय और वैश्विक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं, ताकि नए स्नातक और कामकाजी पेशेवर भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप अपनी विशेषज्ञता विकसित कर सकें।”

प्रवेश के लिए न्यूनतम पात्रता मानदंड के तहत अभ्यर्थियों के पास अपनी क्वालिफाइंग डिग्री में न्यूनतम 5.5 CPI या 55 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है।। प्रवेश प्रक्रिया दो चरणों में होगी, जिसमें आईआईटी कानपुर द्वारा आयोजित ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा तथा विभागीय स्तर पर ऑनलाइन परीक्षा या इंटरव्यू शामिल होगा।

जिन अभ्यर्थियों के पास विभाग द्वारा निर्धारित कट-ऑफ के अनुसार वैध GATE स्कोर होगा, उन्हें प्रवेश परीक्षा से छूट दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त, पांच या उससे अधिक वर्षों का संबंधित कार्य अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को भी विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार छूट दी जा सकती है। सरकारी विभागों, रक्षा संगठनों या मान्यता प्राप्त संस्थानों द्वारा नामांकित या प्रायोजित अभ्यर्थी भी इस छूट के पात्र हो सकते हैं।

दूसरे चरण के लिए प्रवेश प्रक्रिया चल रही है और कक्षाएं सितंबर 2026 से शुरू होंगी। कार्यक्रमों, पात्रता मानदंड और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी आईआईटी कानपुर ऑनलाइन प्रोग्राम की वेबसाइट पर उपलब्ध है। online.iitk.ac.in

आईआईटी कानपुर के बारे में

1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 20 विभाग, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम, 27 केंद्र और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 570 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार और शैक्षणिक उत्कृष्टता में अग्रणी बना हुआ है।