अपनी प्राथमिकता निर्धारित करें
फ़ॉन्ट स्केलिंग
अप्राप्ति
पृष्ठ अनुमापन
अप्राप्ति
रंग समायोजन
भा.प्रौ.सं.कानपुर
  • मुख्य पृष्ठ
  • प्रेस विज्ञप्ति
  • आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप ScaNxt को रेनमैटर, सिडबी और एग्ज़िम बैंक से मिला निवेश, जलवायु अनुकूल खेती और इलेक्ट्रिक कृषि उपकरणों को मिलेगा बढ़ावा

आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप ScaNxt को रेनमैटर, सिडबी और एग्ज़िम बैंक से मिला निवेश, जलवायु अनुकूल खेती और इलेक्ट्रिक कृषि उपकरणों को मिलेगा बढ़ावा

Incubated ScaNxt

आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप ScaNxt को रेनमैटर, सिडबी और एग्ज़िम बैंक से मिला निवेश, जलवायु अनुकूल खेती और इलेक्ट्रिक कृषि उपकरणों को मिलेगा बढ़ावा

कानपुर , 7 November 2026

Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur

मृदा स्वास्थ्य, एआई आधारित कीट पहचान और स्मार्ट कृषि तकनीकों के विस्तार के लिए कंपनी करेगी निवेश का उपयोग; अब भारत के साथ- साथ अंतरराष्ट्रीय मार्केट में भी बढ़ाएगी अपनी पहुंच

नोएडा, 5 नवंबर 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में इनक्यूबेटेड डीप-टेक एग्रीटेक (कृषि तकनीक) कंपनी ScaNxt साइंटिफ़िक टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड को ज़ेरोधा की निवेश शाखा रेनमैटर, भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) और भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एग्ज़िम बैंक) से निवेश मिला है। रेनमैटर ने कंपनी में कितनी राशि का निवेश किया है, इसका ख़ुलासा फ़िलहाल नहीं किया गया है।

यह निवेश ScaNxt को मृदा स्वास्थ्य, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कीट पहचान और जलवायु-अनुकूल खेती से जुड़ी अपनी अत्याधुनिक तकनीकों के विस्तार में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। प्राप्त पूंजी का उपयोग उत्पाद विकास में तेजी लाने, अनुसंधान एवं विकास (R&D) को मजबूत करने, चैनल पार्टनर नेटवर्क का विस्तार करने तथा भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में छोटे एवं सीमांत किसानों सहित कृषि क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारकों तक अपनी तकनीकों की पहुंच बढ़ाने के लिए किया जाएगा।

ScaNxt का ख़ास प्रोडक्ट 'भू-परीक्षक' बिना रसायनों के मिट्टी की जांच करने में सक्षम है जिसके लिए यह नियर-इन्फ़्रारेड (NIR) तकनीक और मशीन लर्निंग का इस्तेमाल करता है। कंपनी की पेटेंट प्राप्त 'डिटेक्ट' तकनीक और 'एग्रोलेंस' प्लेटफ़ॉर्म की मदद से खेतों में कीटों की तुरंत पहचान की जा सकती है। साथ ही, ये फ़सलों की देखभाल के लिए जरूरी सलाह भी देते हैं। इसके अलावा, ScaNxt स्वदेशी इलेक्ट्रिक कृषि मशीनों और सौर ऊर्जा से चलने वाले स्मार्ट ड्रायर विकसित कर रही है, ताकि किसान कम खर्च में आधुनिक तकनीक से खेती कर सकें।  साथ ही, कंपनी कम लागत में होने वाली आधुनिक खेती के लिए स्वदेशी इलेक्ट्रिक कृषि उपकरण और सौर ऊर्जा से चलने वाले स्मार्ट ड्रायर भी विकसित कर रही है। कंपनी अब तक करीब 90,000 किसानों को अपने साथ जोड़ चुकी है। इसके अलावा, देश के 21 से भी ज़्यादा राज्यों और 200 से ज़्यादा कंपनियों और संस्थानों को अपनी सेवाएं दे रही है। साथ ही, कंपनी अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में भी अपना कारोबार बढ़ा रही है।

ScaNxt के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रजत वर्धन ने कहा, "रेनमैटर, सिडबी और एग्ज़िम बैंक के साथ हमारा जुड़ाव इस बात का सबूत है कि भारत के छोटे किसानों के लिए जलवायु के अनुकूल और तकनीक आधारित समाधान विकसित करने की दिशा में हम जो काम कर रहे हैं, वह सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। रेनमैटर का लंबे समय तक निवेश और सहयोग देने का नजरिया आधुनिक कृषि तकनीक के क्षेत्र के लिए ख़ास तौर पर उपयोगी है। हम रेनमैटर, सिडबी और एग्ज़िम बैंक के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्साहित हैं। इससे हम अपने काम का दायरा बढ़ा सकेंगे और आधुनिक खेती की तकनीक को किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े अन्य लोगों तक आसानी से पहुंचा सकेंगे।"

आईआईटी कानपुर के फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड रिसर्च इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (FIRST) के सीईओ डॉ. आशुतोष अग्निहोत्री ने कहा,"“स्वदेशी नवाचार की वास्तविक सफलता इस बात से निर्धारित होती है कि वह तकनीकी स्तर पर सफल होने के साथ-साथ व्यावसायिक रूप से भी कितनी उपयोगी और प्रासंगिक साबित होती है। स्कैनक्स्ट की अनुसंधान-आधारित नवाचार से एक विविधीकृत एग्रीटेक उद्यम के रूप में विकसित होने की यात्रा, जिसका राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार हो रहा है, इसी परिवर्तन का प्रमाण है। निवेशकों का विश्वास तकनीक, पूंजी और बाजार के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमें गर्व है कि स्कैनक्स्ट इस यात्रा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।”

ज़ेरोधा की रेनमैटर में क्लाइमेट और डीपटेक के प्रमुख अभिनव सिंह नेगी ने इस साझेदारी पर कहा, "मिट्टी की खराब होती गुणवत्ता और कीटों के कारण फ़सलों को होने वाला नुकसान भारतीय किसानों के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। कंपनी रसायन-मुक्त मृदा परीक्षण, एआई आधारित तकनीक से मृदा की त्वरित स्वास्थ पहचान तथा किफायती इलेक्ट्रिक कृषि उपकरणों के माध्यम से किसानों को आधुनिक, सटीक और टिकाऊ कृषि समाधान उपलब्ध करा रही है। हमने ScaNxt के साथ इसलिए साझेदारी की है, क्योंकि कंपनी केवल सॉफ़्टवेयर विकसित नहीं कर रही, बल्कि हार्डवेयर, एआई और इंजीनियरिंग को मिलाकर खेती से जुड़ी वास्तविक समस्याओं का समाधान तैयार कर रही है। रजत और उनकी टीम ने आईआईटी कानपुर में हुए आधुनिक तकनीक से जुड़े शोध को आगे बढ़ाकर करीब 90,000 किसानों तक पहुंचाया है। मृदा स्वास्थ्य और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में कंपनी का दीर्घकालिक दृष्टिकोण हमारी निवेश प्राथमिकताओं के अनुरूप है।”

एग्ज़िम बैंक में 'उभरते सितारे' कार्यक्रम के प्रमुख और महाप्रबंधक शैलेश प्रसाद ने कहा, "ScaNxt की मज़बूत तकनीक, विदेशों में बढ़ती मौजूदगी और बड़े स्तर पर इस्तेमाल किए जा सकने वाले कृषि समाधान विकसित करने पर इसका ध्यान कंपनी के लिए निर्यात के नए अवसर पैदा कर रहा है। एग्ज़िम बैंक का मानना है कि भारत में विकसित जलवायु के अनुकूल तकनीकों को दुनिया के बाज़ारों तक पहुंचाने और देश से कृषि तकनीक के निर्यात को बढ़ाने की अच्छी संभावनाएं हैं।"

भारत और अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में अपना काम बढ़ाने के साथ ScaNxt का ध्यान खेती से जुड़ी मुख्य समस्याओं के लिए किफ़ायती और तकनीक आधारित समाधान तैयार करने पर रहेगा। मिट्टी की गुणवत्ता, कीटों की पहचान, इलेक्ट्रिक कृषि उपकरण और फ़सल कटाई के बाद उपज के बेहतर रखरखाव जैसे क्षेत्रों में काम करते हुए कंपनी खेती को ज़्यादा टिकाऊ और बदलते मौसम के अनुकूल बनाने में योगदान देना चाहती है।

ScaNxt के बारे में

स्कैनक्स्ट साइंटिफिक टेक्नोलॉजीज आईआईटी कानपुर में इनक्यूबेटेड एक एग्रीटेक कंपनी है, जो स्वदेशी हार्डवेयर तथा इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित समाधान विकसित करती है। कंपनी के प्रमुख कार्यक्षेत्रों में मृदा स्वास्थ्य, कीट निगरानी, फसल परामर्श, इलेक्ट्रिक कृषि मशीनीकरण और फसल कटाई के बाद प्रसंस्करण शामिल हैं। ज़्यादा जानकारी के लिए वेबसाइट देखें: www.scanxt.com

रेनमैटर (Rainmatter) के बारे में

रेनमैटर, ज़ेरोधा की निवेश शाखा है, जो जलवायु, स्वास्थ्य, फिनटेक और डीप-टेक क्षेत्रों में काम करने वाले स्टार्टअप्स को दीर्घकालिक निवेश सहायता प्रदान करती है।

सिडबी (SIDBI) के बारे में

भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (Small Industries Development Bank of India-SIDBI) भारत में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र के संवर्धन, वित्तपोषण और विकास के लिए कार्यरत प्रमुख वित्तीय संस्थान है।

एग्ज़िम बैंक के बारे में

भारतीय निर्यात-आयात बैंक (Export-Import Bank of India) भारत के निर्यात और आयात से जुड़ी गतिविधियों को वित्तीय सहायता देने वाली प्रमुख संस्था है। यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देकर भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड रिसर्च इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (FIRST), आईआईटी कानपुर के बारे में

फ़ाउंडेशन फ़ॉर इनोवेशन एंड रिसर्च इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (FIRST), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर की ओर से स्थापित एक सेक्शन 8 कंपनी है। यह संस्थान में नई तकनीक पर आधारित स्टार्टअप को शुरू करने और आगे बढ़ाने में मदद करती है। FIRST कृषि, स्वास्थ्य, स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक विनिर्माण सहित कई क्षेत्रों में काम करने वाले डीपटेक स्टार्टअप को शोध से बाजार तक पहुंचाने और उनके कारोबार को बढ़ाने में सहयोग देती है।

आईआईटी कानपुर के बारे में

1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 21 विभाग, 27 केंद्र, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम और तीन विशेष स्कूल  हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 580 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी  और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार, अनुसंधान और समग्र विकास  में अग्रणी बना हुआ है।