आईआईटी कानपुर ने उदघोष के प्री-फेस्ट कार्यक्रम ‘उड़ान 2026’ का आयोजन किया
Kanpur , 1 October 2026
Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur
कानपुर, 01 अक्टूबर 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर ने हाल ही में उदघोष 2026, आईआईटी कानपुर के वार्षिक खेल महोत्सव के प्री-फेस्ट कार्यक्रम ‘उड़ान 2026’ का आयोजन किया। उदघोष द्वारा आईआईटी कानपुर के सेल फॉर डिफरेंटली एबल्ड पर्सन्स (CDAP) और डिपार्टमेंट ऑफ एम्पावरमेंट ऑफ पर्सन्स विद डिसएबिलिटीज (DEPwD) के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समावेशन, अवसर और सशक्तीकरण को बढ़ावा देना था।
‘उड़ान 2026’ में प्रमुख संस्थानों के 130 से अधिक पैरा-एथलीटों ने भाग लिया। इनमें आईआईटी रुड़की, आईआईटी दिल्ली, डॉ. अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी फॉर दिव्यांगजन (AITD) और मेजबान संस्थान आईआईटी कानपुर शामिल थे। इस कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को एक समावेशी माहौल में प्रतिस्पर्धा करने, एक-दूसरे से जुड़ने और खेल भावना का उत्सव मनाने के लिए मंच प्रदान किया।
खेल प्रतियोगिताएं कैरम, शतरंज, टेबल टेनिस और बैडमिंटन की चार विधाओं में आयोजित की गईं। सभी प्रतिभागी संस्थानों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इस आयोजन ने खेलों में समान अवसरों के महत्व को रेखांकित किया और यह भी दिखाया कि खेल आत्मविश्वास, सहभागिता और आपसी संवाद को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत उद्घाटन समारोह से हुई। इसके बाद ‘More Than a Medal’ विषय पर पैरालंपिक एथलीट श्री सुनील कुमार साहू का विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में दृढ़ता, संघर्ष और खेलों में समावेशन के महत्व पर चर्चा की गई। श्री विवेक सैनी, निदेशक, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया, उद्घाटन समारोह में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समापन समारोह में श्री मनीष राणा, निदेशक, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया; श्री कासिम आबिदी, आईपीएस; और श्री प्रवीण कुमार, सीएमडी, एएलआईएमसीओ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। श्री रामनीक जैन, डिपार्टमेंट ऑफ एम्पावरमेंट ऑफ पर्सन्स विद डिसएबिलिटीज (DEPwD) विशेष अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए।
समापन समारोह के दौरान अतिथियों की उपस्थिति और सहयोग के लिए उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। साथ ही, चारों खेल विधाओं में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए गए।
इस कार्यक्रम का समन्वय उदघोष टीम ने आईआईटी कानपुर के सीडीएपी के सहयोग से किया। टीम के सदस्यों ने कार्यक्रम के दौरान अतिथियों की सहभागिता और आतिथ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी समन्वय किया।
‘उड़ान 2026’ का समापन खेलों के माध्यम से समावेशन, अवसर और सशक्तीकरण के मूल्यों को बढ़ावा देने के संदेश के साथ हुआ। इस कार्यक्रम ने पैरा-एथलीटों और विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान किया और खेलों में सभी के लिए सुलभ एवं समावेशी अवसर उपलब्ध कराने के महत्व को रेखांकित किया।
आईआईटी कानपुर के बारे में
1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 20 विभाग, 27 केंद्र, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 570 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार, अनुसंधान और समग्र विकास में अग्रणी बना हुआ है।
अधिक जानकारी के लिए विज़िट करें: www.iitk.ac.in