आईआईटी कानपुर में आयोजित हुआ साथी समिट-2026
Kanpur , 11 September 2026
Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur
कानपुर, 11 सितंबर 2026: शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की पहल साथी (Self-Assessment, Test and Help for Entrance Exams) के अंतर्गत साथी समिट-2026 का सफल आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (IIT Kanpur) में किया गया। कार्यक्रम में लगभग 400 विद्यार्थियों, 22 विद्यालय समन्वयकों तथा साथी टीम के सदस्यों ने भाग लिया।
समिट का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन की व्यावहारिक पद्धतियों, मानसिक स्वास्थ्य तथा भविष्य के करियर विकल्पों के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं विद्यार्थियों के स्वागत तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात श्री अनुराग सिंह ने विद्यार्थियों को साथी ऑनलाइन पोर्टल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साथी विद्यार्थियों के लिए एक निःशुल्क ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां विद्यार्थी निःशुल्क पंजीकरण कर विभिन्न प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं। पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को JEE, NEET, CLAT, ICAR, CUET, IBPS, SSC, RRB सहित विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी अध्ययन सामग्री एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को साथी पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया, उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों तथा परीक्षा की तैयारी के लिए पोर्टल के प्रभावी उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से SATHEE के निःशुल्क डिजिटल संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
इसी क्रम में प्रो. अमेय करकरे, प्रोफेसर एवं प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर - साथी, आईआईटी कानपुर ने विद्यार्थियों को SATHEE की विभिन्न सुविधाओं एवं पहलुओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से आईआईटी-जेईई परीक्षा की तैयारी कैसे करें, तैयारी की सही रणनीति, अध्ययन के प्रभावी तरीके तथा परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक दृष्टिकोण के संबंध में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव एवं उपयोगी सुझाव साझा करते हुए उन्हें योजनाबद्ध एवं निरंतर तैयारी के लिए प्रेरित किया।
समिट के दौरान डॉ. सुधांशु शेखर सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर एवं हेड, सेंटर फॉर मेंटल हेल्थ एंड वेलनेस, आईआईटी कानपुर ने विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने तथा परीक्षा के तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए गए। डॉ. नवीन गुडे, SMO, स्वास्थ्य केंद्र, आईआईटी कानपुर ने NEET परीक्षा, श्री रविंद्र सिंह, असिस्टेंट मैनेजर, SBI, आईआईटी कानपुर ने बैंकिंग परीक्षाओं तथा श्री आशुतोष के. आर. पांडेय, IRS (2018 बैच), Deputy Commissioner of Income-tax ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की।
श्री अनुराग पांडेय, REO, आईआईटी कानपुर ने ‘स्टडी विद प्रैक्टिकल अप्रोच’ विषय पर विद्यार्थियों को अध्ययन को अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद करने तथा अपनी जिज्ञासाओं एवं परीक्षा संबंधी प्रश्नों पर चर्चा करने का अवसर मिला। इस संवादात्मक सत्र में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए परीक्षा की तैयारी एवं करियर से संबंधित उपयोगी सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम का समापन श्री अनुराग पांडेय द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
साथी समिट-2026 ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य, व्यावहारिक अध्ययन पद्धति और विभिन्न करियर विकल्पों के संबंध में विशेषज्ञों से सीधे सीखने एवं संवाद करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी परीक्षा तैयारी को बेहतर दिशा देने तथा SATHEE जैसे निःशुल्क डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
आईआईटी कानपुर के बारे में
1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 21 विभाग, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम, 27 केंद्र और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 590 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार और शैक्षणिक उत्कृष्टता में अग्रणी बना हुआ है।
अधिक जानकारी के लिए विज़िट करें: www.iitk.ac.in